त्यौंथर रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ जनेह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोंदकला के गोधन सिंह दुबान टोला में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 2 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
पीड़ित शरद शुक्ला के अनुसार सुबह उठने पर घर का सामान बिखरा मिला और नकदी व आभूषण गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का आरोप है कि यदि रात में प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद जनेह पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है।
