अग्रवाल ढाबा के पास सड़क हादसा, दो लोग गंभीर रूप से घायल, माधव नगर पुलिस जांच में जुटी
कटनी – माधव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पिपरौध के अग्रवाल ढाबा के पास देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दो लोग बुरी तरह घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एनएचएआई टीम की मदद से राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलने पर माधव नगर पुलिस मौके पर पहुँच गई और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
खबर लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।


