शाजापुर/कमल सूर्यवंशी/खबर डिजिटल/ जिला अस्पताल में सोमवार सुबह लगभग 11 बजे एक युवक और महिला के बीच मारपीट की घटना सामने आई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है, जिसमें दोनों एक-दूसरे पर चप्पलों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान युवक ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे महिला का सिर चोटिल हो गया। महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी जांच के बाद सिर पर तीन टांके लगाए गए।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाले युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। युवक की पहचान रोहित के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह अपनी बाइक निकाल रहा था, तभी महिला की साड़ी बाइक के पैडल में फंस गई। इसी बात को लेकर महिला ने अपशब्द कहे और चप्पल से मारपीट शुरू कर दी।
महिला का पक्ष
घायल महिला शीला का कहना है कि वह अस्पताल में दवा लेने आई थी। युवक अपनी बाइक इधर-उधर कर रहा था और फोन पर बात कर रहा था। जब उन्होंने उसे तमीज से बात करने को कहा, तो युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके सिर में चोट आई।
आगे की जांच
फिलहाल युवक और महिला दोनों कोतवाली थाने में मौजूद हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


