डिंडौरी/ शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश का गौरवशाली जनजातीय जिला डिंडोरी 19 जनवरी को स्वास्थ्य के क्षेत्र में नया इतिहास रचने जा रहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा सुगढ़ टूरी – आज स्वस्थ, कल सशक्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत एक ही दिन में 35 हजार बालिकाओं एवं महिलाओं की एनीमिया जांच की जाएगी।
620 केंद्रों पर एक साथ महाशिविर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के नेतृत्व में यह अभियान जिलेभर में मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर महोदया ने प्रेस वार्ता में बताया कि 19 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के 620 केंद्रों पर एक साथ महाशिविर आयोजित होगा। इतने कम समय में इतने बड़े पैमाने पर स्क्रीनिंग करने वाला डिंडोरी प्रदेश का पहला जिला बनेगा।
डिजिटल और पारदर्शी मॉडल
इस अभियान की खास बात इसका डिजिटल मॉडल है। जिला स्तर पर हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जांच होते ही हीमोग्लोबिन का डेटा तुरंत पोर्टल पर अपलोड होगा। 62 अधिकारियों की विशेष टीम निगरानी करेगी ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी और सटीक रहे।
इलाज और पोषण पर भी फोकस
अभियान का उद्देश्य केवल जांच नहीं, बल्कि एनीमिया को जड़ से खत्म करना है। गंभीर एनीमिया से पीड़ित बालिकाओं और महिलाओं को दवाइयां एवं पोषण परामर्श भी दिया जाएगा। इसका लाभ स्कूली व कॉलेज छात्राएं, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं और ग्रामीण दीदियों को मिलेगा। कलेक्टर महोदया ने सभी नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक स्वास्थ्य अभियान का हिस्सा बनें।


