सीधी/बृजेश पांडेय/खबर डिजिटल/ अखिल भारतीय आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट कुंवर एंड ब्रदर्स सीधी चैलेंज कप सीजन-9 का फाइनल मुकाबला छत्रसाल स्टेडियम में खेला गया, जिसमें भूमि एसोसिएट्स दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल में दिल्ली ने समय प्रेस भदोही (उत्तर प्रदेश) को बड़े अंतर से हराया।
पहले बल्लेबाजी कर दिल्ली का दबदबा
टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 35 ओवर में 5 विकेट खोकर 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से बग्गा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में 127 रन बनाए। उनकी पारी में 5 छक्के और 14 चौके शामिल रहे।
192 रन पर सिमटी यूपी की टीम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम 192 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह दिल्ली ने फाइनल मुकाबला जीतकर सीधी चैलेंज कप सीजन-9 की ट्रॉफी अपने नाम की।
उप मुख्यमंत्री के आतिथ्य में फाइनल
फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के मुख्य आतिथ्य और सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ। उप मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि मालदीव टीम की सहभागिता से टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
पुरस्कार और सम्मान
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बग्गा (दिल्ली) को तथा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान कौशल शुमान (दिल्ली) को दिया गया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान किए गए।
आधुनिक स्टेडियम की घोषणा
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले को जल्द ही एक आधुनिक और बेहतर स्टेडियम उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।


