MP Kisan Samman Nidhi Kist: मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का इंतजार कर रहे सूबे के करीब 82 लाख किसानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। पिछले करीब 9 महीनों से इस योजना की राशि न मिलने के कारण किसानों का सब्र अब जवाब देने लगा था, लेकिन इसी बीच मंत्रालय के सूत्रों से संकेत मिले हैं कि सरकार जून 2026 के शुरुआती सप्ताह में किसानों के बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर करने की अंतिम चरण की तैयारी कर रही है। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अब आएगी 14वीं किस्त!
राज्य के लगभग 82 लाख पात्र किसानों को योजना की 13वीं किस्त का भुगतान अगस्त 2025 में किया गया था। अगस्त के बाद से ही किसान अगली किस्त की राह देख रहे हैं। अब संभावना जताई जा रही है कि जून 2026 में 14वीं किस्त जारी कर दी जाएगी। क्योंकि जून का महीना खरीफ फसलों की बोनी और खेती-किसानी की तैयारियों का होता है, ऐसे में यदि जून के पहले हफ्ते में यह रुकी हुई राशि किसानों के खातों में आती है, तो उन्हें बीज और खाद खरीदने में मदद मिलेगी।
इस बार एक साथ मिलेंगे 4000?
प्रशासनिक गलियारों में इस समय एक और बड़ी चर्चा तेजी से चल रही है कि सरकार इस बार किसानों को बड़ा सरप्राइज दे सकती है। दरअसल, योजना की राशि पिछले 9 महीनों से अटकी हुई है, इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार 14वीं और 15वीं किस्त का भुगतान एक साथ कर सकती है। यदि ऐसा फैसला होता है, तो किसानों के खातों में एकमुश्त 4000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह से एक संभावित जानकारी है।
क्या है मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना?
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश सरकार की किसानों के लिए चलाई जाने वाली सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसके तहत किसानों को प्रति वर्ष कुल 6000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह राशि 2-2 हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। यह योजना केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पूरक के रूप में काम करती है, जिससे एमपी के किसानों को दोहरा लाभ मिलता है।
