टीकमगढ़/सुबोध पाठक/खबर डिजिटल/ टीकमगढ़-ललितपुर रोड पर गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे लंबा जाम लग गया। महर्षि स्कूल से लेकर कुंडेश्वर तक करीब 3 किलोमीटर लंबे जाम में लोग काफी देर तक फंसे रहे। इस दौरान एक एंबुलेंस वहां भी जाम में फस गया। काफी देर तक पुलिस का कोई भी जवान मौके पर नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों की सूचना पर खिरिया चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को हटाने का काम शुरू किया गया।
यातायात का दबाव ज्यादा
कुंडेश्वर निवासी सुदर्शन वंशकार ने बताया कि आज बड़ी संख्या में लोग बारीघाट फिल्टर प्लांट और कुंडेश्वर महादेव के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। जिससे टीकमगढ़ महरौनी रोड पर यातायात का दबाव ज्यादा है। हर साल वर्ष के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए। जिसके चलते दोपहर में लंबा जाम लग गया।
वाहनों की लगी लंबी कतारें
महर्षि स्कूल से लेकर कुंडेश्वर तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसमें दो पहिया चार पहिया वाहन से लेकर यात्री बसें और लोडिंग वाहन शामिल थे। जाम लगने के करीब 1 घंटे बाद पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास शुरू किया गया। इस दौरान करीब 2 से 3 घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। लोगों ने निकालने के लिए आसपास के कई सकरे रास्तों का सहारा लिया। जिससे ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।


