टीकमगढ़/सुबोध पाठक/खबर डिजिटल/ टीकमगढ़ में अस्पताल चौराहे पर शनिवार को ग्रामीणों ने गोचर भूमि और वन भूमि से अवैध कब्जा हटाए जाने को लेकर प्रदर्शन किया है। ग्राम पंचायत जसवंत नगर की महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अवैध कब्जा हटाए जाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला प्रभारी ने दी जानकारी
प्रदर्शन में शामिल ओबीसी महासभा के जिला प्रभारी रविन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि ग्राम जसवन्त नगर की गौचर भूमि, शमशान भूमि, वन भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। जो लगभग 100 हेक्टेयर से अधिक है। गांव के दबंग, राजनैतिक और प्रभावशाली लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से सांठ गांठ कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। वन भूमि में खड़े सागौन, सेजा, महुआ, छेवले के हजारों की संख्या में खड़े हरे भरे पेड़ों को काटकर भूमि में फसल बोकर कृषि कार्य किये है। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गायों के घूमने के लिए नहीं बची गोचर भूमि
गायों को घूमने फिरने के लिए गोचर भूमि नहीं बची है। मवेशीयों को चरने के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है। अंतिम संस्कार करने के लिए मुक्तिधाम नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है। बावजूद इसके गोचर भूमि और वन भूमि से अवैध कब्जा नहीं हटाया जा रहा है। आज ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अस्पताल चौराहे पर धरना देकर बैठ गए हैं।


