उज्जैन/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ धार्मिक नगरी उज्जैन में सावन माह के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और महाकाल मंदिर क्षेत्र को अपराधमुक्त रखने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया है। इसके तहत मंदिर परिसर और आसपास कार्यरत होटल, लॉज, धर्मशालाओं, फूल-प्रसाद विक्रेताओं, तिलक लगाने वाले तथा अन्य व्यवसायियों का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है।
आई-ऐप के जरिए हो रहा डिजिटल सत्यापन
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस विशेष आई-ऐप के माध्यम से संबंधित लोगों की जानकारी एकत्र कर रही है। अभियान के दौरान आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, फोटो, नाम, पता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। पिछले लगभग एक महीने से चल रहे इस अभियान के तहत अब तक महाकाल क्षेत्र में कार्यरत करीब 300 से 350 लोगों का सत्यापित डेटा ऐप में दर्ज किया जा चुका है।
आपराधिक रिकॉर्ड की भी होगी जांच
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य केवल डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि महाकाल क्षेत्र में किसी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति की गतिविधियां न हों। सत्यापन के बाद संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। यदि किसी के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पाए जाते हैं या उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलती हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे लोगों को महाकाल मंदिर क्षेत्र से हटाने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है।
हर्षानंद गिरि (हर्ष रिछारिया) ने फिर डाला एक और वीडियो… पिछले बयान को महिला सुरक्षा से जोड़ा
फूल-प्रसाद बेचने वालों में हुआ था विवाद
पुलिस का कहना है कि पूर्व में महाकाल मंदिर क्षेत्र में फूल-प्रसाद विक्रेताओं के बीच विवाद और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन्हीं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देशन में यह विशेष ऐप तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से क्षेत्र में कार्यरत छोटे-बड़े सभी व्यवसायियों और सेवा प्रदाताओं का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
श्रावण महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
इधर, महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आयोजित 21वें अखिल भारतीय श्रावण महोत्सव-2026 ‘शिव अर्धांग’
की प्रथम संध्या पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, तबला-पखावज वादन तथा कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया।
ग्लैमरस पुलिस अफसर नेहा पच्चीसिया का करियर बना घनचक्कर… एक और गंभीर केस में होगी जांच
