उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे पुलिस ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। अब उज्जैन में महिलाएं और देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्री ऑटो में निश्चिंत होकर यात्रा कर सकेंगे। इंदौर में सफल शुरुआत के बाद अब उज्जैन में भी “भरोसे वाली सवारी” नाम से सुरक्षित ऑटो सेवा शुरू की जा रही है। इसके तहत करीब 300 ऑटो चालकों का पुलिस द्वारा वेरिफिकेशन पूरा किया जा रहा है, और सत्यापन के बाद उनके ऑटो पर विशेष क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री इस कोड को स्कैन कर ऑटो चालक की पहचान, वाहन विवरण और रूट जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे।
अपराधों पर लगेगी लगाम
इस व्यवस्था का उद्देश्य अपराधों पर रोक लगाना, यात्रियों में विश्वास बढ़ाना और ऑटो सेवा को पारदर्शी बनाना है। विशेष रूप से देर रात स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों, महिलाओं और अकेले सफर करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह कदम अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है।
जल्द ही क्यू आर कोड वाले ऑटो दिखने लगेंगे
आज पुलिस अधीक्षक इंदौर रेल पद्म विलोचन शुक्ला ने ऑटो चालकों को ‘हमारी भरोसे की सवारी’ योजना की विस्तृत जानकारी दी और सुरक्षित व जिम्मेदार परिवहन के लिए दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। जल्द ही उज्जैन रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड वाले ऑटो दिखाई देने लगेंगे।


