उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। टाइगर रिजर्व के धमोखर बफर क्षेत्र अंतर्गत कुदरी टोला में एक बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं से बरामद किया गया है। यह कुआं स्थानीय किसान नरेंद्र प्रसाद तिवारी का बताया जा रहा है।
वन विभाग में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर बाघ के शिकार के बाद शव को कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही हो सकेगा।
डॉग स्क्वॉड से कराई सर्चिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घटनास्थल के आसपास डॉग स्क्वायड से सर्चिंग कराई जा रही है, ताकि किसी भी तरह के सुराग जुटाए जा सकें। फिलहाल वन विभाग ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। लगातार हो रही बाघों की मौतों से वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।


