रीवा/अरविन्द तिवारी/ रीवा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन, कथित फायरिंग और खतरनाक बाइक स्टंट से जुड़े वायरल वीडियो ने जिले में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर करहिया निवासी राज उर्फ रॉक दिखाई दे रहा है। वीडियो की शुरुआत में युवक यह कहते हुए नजर आता है कि, “बात-बात में कट्टा चल जाता है रीवा शहर में।” इसके बाद उसी इंस्टाग्राम अकाउंट से कथित तौर पर कट्टे से कई राउंड फायरिंग और सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार बाइक से खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो भी साझा किए गए हैं।
हालांकि पुलिस ने अभी तक वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, युवक की पहचान और वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट, वीडियो और कथित हथियार की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में वीडियो वास्तविक पाए जाते हैं और अवैध हथियार के उपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित युवक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
