Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वतन लौटने की काफी चर्चा हो रही है। शेख हसीना ने 16 दिसंबर यानी विजय दिवस पर अपने देश बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। साथ ही उन्होंने इसके लिए बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय एयरलाइन के जरिए यात्रा का इंतजाम करने की भी अपील की है। बता दें कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश की सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत आ गई थीं और तब से शेख हसीना भारत में ही रह रही हैं।
क्यों छोड़ना पड़ा एक प्रधानमंत्री को अपना देश?
जुलाई 2024 में छात्रों ने सरकारी नौकरियों में 1971 के स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को मिलने वाले 30% कोटा सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया था। उनका मानना था कि इसका फायदा केवल सत्ताधारी पार्टी अवामी लीग (शेख हसीना की पार्टी) के समर्थकों को मिल रहा है।
2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने एक बयान में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तुलना राजाकारों (1971 के देशद्रोहियों) से कर दी थी, जिससे छात्रों का गुस्सा भड़क गया और उनका प्रदर्शन उग्र हो गया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा कोटा कम किए जाने के बाद भी प्रदर्शन नहीं रुके।
बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और चुनाव में धांधली के आरोपों से नाराज आम जनता और विपक्षी दल भी छात्रों के साथ इस प्रदर्शन में जुड़ गए, जिसका असर पूरे बांग्लादेश पर पड़ा। बांग्लादेश में पुलिस और अवामी लीग की छात्र शाखा द्वारा की गई सख्त कार्रवाई में सैकड़ों लोगों की मौत हुई। सत्ताधारी नेताओं के घरों में आगजनी, सरकारी दफ्तरों में तोड़फोड़ और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसा होने लगी।
5 अगस्त 2024 को जब लाखों प्रदर्शनकारी ढाका स्थित प्रधानमंत्री आवास गण भवन की ओर बढ़ने लगे, तो बांग्लादेश की सेना ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोली चलाने से इनकार कर दिया। सेना प्रमुख ने शेख हसीना को पद छोड़ने का अल्टीमेटम दिया, जिसके बाद शेख हसीना ने अपना इस्तीफा दिया और बांग्लादेशी हेलीकॉप्टर और सैन्य विमान से भारत आ गईं।
27, 28 नवंबर को बांग्लादेश में लॉकडाउन, 1400 मौतों का जिम्मेदार कौन?
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को बांग्लादेश में फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग उनकी वतन वापसी, पार्टी के सदस्यों पर चलाए गए मुकदमों को वापस लेने, राजनीतिक प्रतिबंधों और मौजूदा हालात को लेकर सरकार के विरोध में आंदोलन कर रही है।
अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हमला किया गया तथा दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई। बता दें कि जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन से लेकर अब तक बांग्लादेश में हुई हिंसा, आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों में 1400 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। इनमें 12 से 13 प्रतिशत बच्चे, 44 पुलिसकर्मी और 158 राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
बांग्लादेश में 7 दिनों से जारी हिंसा, 28 जिलों में आगजनी
गौरतलब है कि बांग्लादेश में बीते 7 दिनों से हिंसा जारी है। 28 जिलों में आगजनी और तोड़फोड़ की जा रही है। इस हिंसा में अवामी लीग और सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ चुके हैं।
बांग्लादेश में फैली हिंसा को लेकर मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हिंसा के पीछे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का हाथ बताया है। साथ ही भारत का नाम लिए बिना कहा है कि वह जिस भी देश में भागकर गई हैं, वहीं उनके आका हैं और अपने आकाओं को खुश करने के लिए उन्होंने बांग्लादेश के लोगों के खिलाफ साजिश रचनी शुरू कर दी है।
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने हसीना पर आतंकवाद के आरोपों को दोहराते हुए कहा कि बांग्लादेश के लोग आतंकवाद का केवल एक ही रूप जानते हैं, वह है शेख हसीना द्वारा आयोजित अवामी आतंकवाद। उन्होंने उन्हें एक दोषी अपराधी और भगोड़ी आतंकवादी बताया।
हसीना के अनुरोध को खारिज करते हुए कबीर ने कहा कि हसीना के लौटने पर उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा। साथ ही बांग्लादेश में उनकी वापसी भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत ही संभव है।
गौरतलब है कि 2024 के छात्र आंदोलन में हुई कार्रवाई के मामले में बांग्लादेश के एक न्यायाधिकरण ने नवंबर 2025 में शेख हसीना की अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, जिसे शेख हसीना खारिज करती रही हैं।








