भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने नई दिल्ली में आयोजित बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में महिला युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की बेटियों ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से देश का गौरव बढ़ाया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय बैडमिंटन के लिए गौरव का क्षण है। 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद विश्व चैंपियनशिप की महिला युगल स्पर्धा में भारत को पदक दिलाना दोनों खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और अटूट आत्मविश्वास का परिणाम है। दोनों ने विश्व स्तरीय मंच पर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की यह सफलता देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा और नए संकल्प का अवसर है। दोनों खिलाड़ियों ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए यह साबित किया है कि बेटियां यदि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के साथ आगे बढ़ें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है, वह आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करेंगी।
