पुणे: भारत के लोकप्रिय गेम डेवलपर सुपरगेमिंग 18 मई, 2025 को पुणे के ड्रोम एरिना में इंडस इंटरनेशनल टूर्नामेंट (IIT) का मेगा एलएएन फिनाले आयोजित करने जा रहा है। यह टूर्नामेंट भारत के अपने इंडो-फ्यूचरिस्टिक बैटल रॉयल गेम ‘इंडस बैटल रॉयल’ पर आधारित है और इसमें देशभर के टॉप ईस्पोर्ट्स टैलेंट्स अपनी किस्मत आजमाएंगे।
2.5 करोड़ रुपये के कुल पुरस्कार पूल में से 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि के लिए 15 चुनिंदा टीमें जोरदार मुकाबला करेंगी। खास बात यह है कि फिनाले के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (एमवीपी) को एक कस्टम महिंद्रा थार भी इनाम के तौर पर दी जाएगी, जो इस टूर्नामेंट को भारतीय ईस्पोर्ट्स जगत के सबसे बड़े इवेंट्स में से एक बना देती है।
अब तक की कुछ खास बातें:
- 1000 से ज्यादा टीमों ने घरेलू, राष्ट्रीय, पावरप्ले और अंतरराष्ट्रीय चरणों में भाग लिया।
- कुल 946 मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें ‘लास्ट चांस क्वालीफायर’ मुकाबले भी शामिल हैं।
- शीर्ष 15 टीमें जैसे कि टीम रॉग, डीजीई, मोगर्स, ईस्पोर्ट्स बैटलग्राउंड, 4मैजिक (ब्राजील), काडिलिमन ईस्पोर्ट्स (फिलीपींस), जीरो ग्रेविटी, मार्कोस गेमिंग और ब्लाइंड ईस्पोर्ट्स अब फिनाले में आमने-सामने होंगी।
सुपरगेमिंग के सह-संस्थापक और सीईओ रॉबी जॉन ने कहा, “इंडस इंटरनेशनल टूर्नामेंट भारतीय ईस्पोर्ट्स प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें वैश्विक स्तर पर लाने की हमारी पहल है। हमारा लक्ष्य केवल पेशेवर खिलाड़ियों को मंच देना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।”
यह आमंत्रण-आधारित LAN फिनाले न सिर्फ खिलाड़ियों, बल्कि गेमिंग फैंस और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी एक यादगार अनुभव लेकर आएगा। इवेंट में चैम्पियनशिप मुकाबलों के अलावा इमर्सिव गेमिंग अनुभव और क्रिएटर मीट-एंड-ग्रीट जैसी रोमांचक गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जो भारतीय गेमिंग समुदाय को एकजुट करने का काम करेंगी।


