इंदौर। मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग (एमपी पीएससी) के लिए साल 2027 परीक्षाओं के लिहाज से सबसे व्यस्त साल हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयोग की 15 से ज्यादा परीक्षाएं ऐसी हैं, जो लगातार दूसरे या तीसरे साल हो रही हैं या तीन साल में दूसरी बार होने जा रही हैं।
और जुड़ेंगी परीक्षाएं
रिपोर्ट के अनुसार अभी 25 परीक्षाओं का शेड्यूल जारी हुआ है। इनमें मेडिकल ऑफिसर, मेडिकल एक्सपर्ट और डेंटल सर्जन समेत 7 से 8 अन्य परीक्षाएं जुड़ने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस पर काम शुरू हो गया है। यही वजह है कि शेड्यूल में नवंबर और दिसंबर 2027 में अभी कोई परीक्षा नहीं रखी गई है। कहा जा रहा है कि 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है, इसलिए सरकार की तैयारी पिछले दस साल में सबसे ज्यादा परीक्षाएं और पद निकालने की है।
पहले सिर्फ तीन परीक्षाएं हर साल
आमतौर पर आयोग स्टेट सर्विस, फॉरेस्ट सर्विस और स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस की परीक्षा ही हर साल कराता है। 2023 में इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा भी नहीं हुई थी। लेकिन पिछले तीन साल में कई और परीक्षाएं बार-बार होने लगी हैं।
ये परीक्षाएं लगातार हो रहीं
सहायक कुलसचिव, एडीपीओ, वैज्ञानिक अधिकारी, फूड सेफ्टी ऑफिसर, खनि निरीक्षक, वेटनरी असिस्टेंट सर्जन, कराधान सहायक और उप संचालक (प्राचार्य वर्ग-2): लगातार दूसरे साल
असिस्टेंट प्रोफेसर: तीन साल में चौथी बार
असिस्टेंट मैनेजर: दो साल में दूसरी बार
लाइब्रेरियन और स्पोर्ट्स ऑफिसर: तीन साल में दूसरी बार
खाली पद भी जुड़ेंगे
जानकारी के अनुसार पिछली 25 परीक्षाओं में औसतन करीब 15 फीसदी पद खाली रह गए। डेंटल सर्जन और मेडिकल ऑफिसर जैसी परीक्षाओं में यह आंकड़ा 25 फीसदी तक रहा। माना जा रहा है कि ये पद नई भर्तियों में जोड़े जाएंगे। आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी मेडिकल ऑफिसर भर्ती पिछले साल निरस्त हुई थी। यह 2027 में होगी और पदों की संख्या 194 से बढ़कर करीब 250 हो सकती है। अंतिम स्थिति अधिसूचना जारी होने पर साफ होगी।









