कुलदीप खराड़िया, आलीराजपुर। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने के सराहनीय कार्य के लिए जिले के दूसरे राहवीर (गुड सेमेरिटन) प्रकाश चौगड़ को कलेक्टर नीतू माथुर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रकाश चौगड़, निवासी दीपा की चौकी, आलीराजपुर ने 18 अगस्त 2025 को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा प्रशस्ति पत्र जारी किया गया है।
इस दौरान कलेक्टर माथुर ने उनके मानवीय सेवा भाव एवं तत्परता की सराहना करते हुए जिलेवासियों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायलों को गोल्डन ऑवर में शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि समय पर मदद कर किसी की जान बचाना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है।








