बिहार के छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाली महिलाओं के लिए अपना छोटा कारोबार शुरू करने का अच्छा मौका है. आर्थिक परेशानी के कारण जिन महिलाओं को अपना बिजनेस शुरू करने में दिक्कत आती है, उनके लिए राज्य सरकार मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना चला रही है. योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें रोजगार के लिए आत्मनिर्भर बनाना है.
शुरुआत के लिए सीधे खाते में आएंगे 10 हजार रुपये
योजना के तहत पात्र महिलाओं को कारोबार शुरू करने के लिए शुरुआती आर्थिक सहायता दी जाती है. चयन होने के बाद लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे 10,000 रुपये ट्रांसफर किए जाते हैं. इस रकम का इस्तेमाल महिला अपनी पसंद और कौशल के अनुसार छोटा व्यवसाय शुरू करने में कर सकती है. महिलाएं इस राशि से सिलाई-कढ़ाई, सत्तू या मसाला बनाने का काम, किराना दुकान अथवा अन्य छोटे स्तर के रोजगार की शुरुआत कर सकती हैं. सरकार का उद्देश्य है कि शुरुआती पूंजी की कमी किसी महिला के बिजनेस आइडिया के रास्ते में बाधा न बने.
कारोबार अच्छा चला तो मिल सकती है 2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता
योजना में आर्थिक मदद को चरणों में रखा गया है. पहले चरण में पात्र महिला को 10,000 रुपये की सहायता दी जाती है. इसके बाद महिला को इस राशि से अपना कारोबार शुरू करना होता है. अगर कारोबार लगातार कम से कम छह महीने तक चलता है और उसमें अच्छी प्रगति दिखाई देती है, तो उसके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है. कारोबार की स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर सरकार उसे आगे विस्तार देने के लिए 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दे सकती है.
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना मुख्य रूप से बिहार के स्वयं सहायता समूहों यानी SHG और जीविका से जुड़ी महिलाओं को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही है. आवेदन करने वाली महिला का बैंक खाता सक्रिय होना जरूरी है और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सही होनी चाहिए.
जिन महिलाओं को पहले ही इस योजना का लाभ मिल चुका है, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकतीं.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय आधार कार्ड, सक्रिय मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक, शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज जरूरी हो सकते हैं. इसके अलावा पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, लागू होने पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र और प्रस्तावित बिजनेस से जुड़ी जानकारी भी तैयार रखनी होगी.
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
आवेदन के लिए योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन या लॉगिन विकल्प चुनना होगा. इसके बाद संबंधित योजना विकल्प पर जाकर आधार नंबर दर्ज करें और पासवर्ड बनाएं. यूजरनेम और पासवर्ड से लॉगिन करने के बाद व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल्स और प्रस्तावित कारोबार की जानकारी भरें. इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेजों की स्पष्ट कॉपी अपलोड करें. फॉर्म जमा करने से पहले पूरी जानकारी ध्यान से जांच लें. आवेदन सबमिट होने के बाद उसकी रसीद या पावती सुरक्षित रखना भी जरूरी है.







