बिहार के कटिहार जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रिसेप्शन के दौरान स्टेज पर बैठे दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 26 नवंबर की शाम हुई इस घटना में इलाज के लिए ले जाते समय दूल्हे की रास्ते में ही मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक की पहचान पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। वह पटना के रहने वाले थे और आयुष डॉक्टर के तौर पर काम करते थे। उनकी शादी 25 नवंबर को धूमधाम से हुई थी। परिवार के लोग बारात लेकर दुल्हन के गांव गए थे, जहां सारी रस्में पूरी हुईं।
स्टेज पर अचानक गिरे दूल्हे
शादी के अगले दिन पवन अपनी दुल्हन को लेकर घर पहुंचे। शाम को रिश्तेदारों और गांव-समाज के लोगों के लिए बहुभोज रखा गया था, ताकि सब नए जोड़े को आशीर्वाद दे सकें। बताया जा रहा है कि दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे थे और मेहमान खाना खाकर उन्हें आशीर्वाद दे रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने की ओर था, तभी पवन अचानक स्टेज पर गिर पड़े। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल ले जाते समय टूटी सांस
मौजूद लोग उन्हें तुरंत फलका के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। लेकिन पूर्णिया पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल
पवन की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि खबर सुनकर दुल्हन बार-बार बेहोश हो गई। जिस घर में एक दिन पहले तक शहनाई बज रही थी, वहां अब मातम पसरा है।
गांव के लोग भी इस घटना से सकते में हैं। आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग दूल्हे के घर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद पवन का शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
मौत की वजह पर अभी सस्पेंस
अभी तक मौत की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।









