भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के भोपाल और सीहोर की सीमा पर स्थित फंदा क्षेत्र में प्रस्तावित अल्ट्रा टेक सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा अब आंदोलन में बदल गया है। जिसके विरोध में फंदा जनपद के सभी गांव एक जुट हो गए हैं। उन्होंने 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे फंदा में रेलवे क्रासिंग के पास विशाल बैठक और चक्का जाम करने का निर्णय लिया है।
गुरुवार की रात को समिति ने फंदा में विरोध के लिए कार्यालय भी शुरू कर दिया है। साथ ही रात को नारेबाजी कर मशाल जुलूस भी निकाला। इस मौके पर ग्रामीण दुर्गेश हाड़ा ने कहा कि फैक्ट्री लगने से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ जाएगा। यह फैक्ट्री प्रदूषणकारी है। इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र की हवा, पानी और जमीन तीनों जहरीली हो जाएंगी। समिति ने कहा कि अभी नहीं जागे तो जिंदगी भर भुगतना होगा

चक्का जाम को लेकर समिति ने एक पोस्टर भी जारी किया है। जिसमें में ग्रामीणों से कहा गया है कि यदि वे अभी नहीं जागे, तो उन्हें जिंदगी भर प्रदूषण, बीमारियों और जल संकट से जूझना पड़ेगा। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विरोध दर्ज कराना जरूरी है।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री का विरोध किसी एक गांव का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का है। यह आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन सरकार और कंपनी को साफ संदेश दिया जाएगा कि ग्रामीण किसी भी कीमत पर यह फैक्ट्री नहीं खुलने देंगे।
फैक्ट्री खुली तो दर्जनों गांव होंगे प्रभावित
समिति के अनुसार फैक्ट्री से फंदा कलां, फंदा खुर्द, बरखेड़ी, मजीदगढ़, गौर, धतूरिया, कोलुआ, इमलिया, इटावरा, खजूरी, बागरोद, बरखेड़ा, बम्होरी, खामखेड़ा, बरई, पिपलिया, पथरिया, मंडोरी, गुनगा, सलैया, नीलबड़, रातीबड़, खजूरी सड़क, रासलाखेड़ी, बागली, सेमरी, बोरदा, खजूरी कलां, टीटोदा, दीपड़ी सहित दर्जनों गांव सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। फैक्ट्री लगने से खेती की जमीन बंजर होगी, भूजल स्तर गिरेगा और सांस की बीमारियां बढ़ेंगी। आंदोलन में शामिल होने वाले सभी गांवों की एक ही मांग है ।ये विनाशकारी फैक्ट्री नहीं खुलना चाहिए।

विधायक और कलेक्टर से भी लगा चुके गुहार
सीमेंट फैक्ट्री भगाओ संघर्ष समिति ने प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा और भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा से भी गुहार लगाई है। लेकिन ग्रामीणों को उनकी तरफ से कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं मिला है। यही वजह है कि ग्रामीण अब आंदोलन की राह पर चल पड़े हैं।
इनका कहना है
कोई भी फैक्ट्री खुलती है तो पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और शासन के नियम से ही शुरू होती है। ग्रामीणों ने अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है। बोर्ड को फिर से ग्रामीणों को सुनने के लिए निर्देशित किया गया है। - प्रियंक मिश्रा, कलेक्टर ,भोपाल









