भोपाल/नीमच। गोपाष्टमी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मनासा के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 271.99 करोड़ रुपए की लागत के 111 विकास, निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इससे पहले मनासा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो हुआ।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नीमच-मंदसौर जिले को इंडस्ट्रियल पार्क की सौगात मिल रही है। यह क्षेत्र देश का बड़ा औद्योगिक हब बनेगा। चीता परियोजना से नीमच-मंदसौर क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा। ग्रीनको कंपनी के प्रोजेक्ट से 1920 मेगावाट बिजली पैदा होगी। बिजली के मामले में प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अल्प वर्षा को देखते हुए राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6-4 के तहत किसानों को हर संभव मदद करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गांव-गांव तक पक्की सड़क, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है।
इसी क्रम में नीमच जिले के मनासा, जावद, नीमच और मल्हारगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों की यह बड़ी सौगात दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत अधोसंरचना मजबूत होगी।

उच्च स्तरीय पुल और मिशन पंचायत के होंगे काम
जल संसाधन विभाग के 9 करोड़ लागत की 2 लघु सिंचाई परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (सेतु) के 4.95 करोड़ लागत के मनासा में सीतामऊ रोड के नाले पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 32.89 करोड़ लागत के 6 कार्य किए जाएंगे।
इनमें मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना अंतर्गत नवीन गौशाला निर्माण, विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला निर्माण तथा नीमच जिले अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र नीमच, जावद, मनासा में कुल 19 आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य किए जाएंगे।
मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के 42.24 करोड़ लागत के 30 ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य किए जाएंगे। नगर परिषद मनासा के 5.71 करोड़ लागत के आरएलबी चौराहा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य किए जाएंगे। स्विमिंग पूल बनाया जाएगा।

शिक्षा विभाग के 5.80 करोड़ लागत के 4 कार्य किए जाएंगे। इनमें शासकीय कन्या उमावि जीरन, शासकीय उमावि सरवानिया महाराज एवं शासकीय उमावि देवरी खवासा में फिजिक्स-केमेस्ट्री-बायोलॉजी लैब तथा शिक्षा विभाग अंतर्गत मिशन पंचायत के कार्य सम्मिलित हैं।
क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल सहित ग्राम पंचायतों के होंगे काम
जिला स्वास्थ्य विभाग के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) अंतर्गत 17.04 करोड़ लागत के 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक (सीसीएचबी) जिला चिकित्सालय, के निर्माण कार्य तथा जनपद पंचायत मनासा के 6.57 करोड़ लागत के 43 कार्य किए जाएंगे। इनमें विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन,

सीसी रोड, सीसी नाली, सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक भवन, कम्युनिटी हॉल-डोम, अमृत सरोवर 2.0 अंतर्गत ग्राम पंचायत डोडर ब्लाक, बारबडीया, मंजिरिया, चिकली ब्लैक एवं फूलपुरा के 5 काम और आंगनबाड़ी भवन निर्माण अंतर्गत कुन्दवासा, भदवा, भदवास-रतन पुरा, महागढ़, केजाड़ा एवं भाटखेड़ीबुजुर्ग के 6 कार्य सम्मिलित हैं।









