मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस कस्टडी से एनडीपीएस एक्ट का आरोपी जसवीर सिंह बग्गा फरार हो गया. पंजाब निवासी आरोपी को 2 नवंबर को जेल भेजा गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे मुरैना जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था.
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आई है. एनडीपीएस (NDPS) एक्ट का एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया. अस्पताल के कैदी वार्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को इस घटना की भनक तक नहीं लगी. सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आने के बाद एसपी धर्मराज मीना ने सख्त रुख अपनाते हुए पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
जेल में तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक, नूराबाद थाना पुलिस ने एनडीपीएस मामले में पंजाब के मोगा जिले के रहने वाले जसवीर सिंह बग्गा (पिता मंगल सिंह) को गिरफ्तार किया था. कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को 2 नवंबर को मुरैना जेल भेज दिया गया था. जेल में रहने के दौरान आरोपी ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था.
तड़के 4 बजे गेट खोलकर भाग निकला आरोपी
अस्पताल में भर्ती आरोपी रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात मौका पाकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे आरोपी ने कैदी वार्ड के गेट की अंदरूनी कुंडी खोली और चुपके से निकल भागा. हैरानी की बात यह रही कि वार्ड के बाहर पहरा दे रहे पुलिसकर्मियों को उसके भागने का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं हुआ.
इन 5 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
कैदी वार्ड से आरोपी के इस तरह गायब होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसपी धर्मराज मीना ने कार्रवाई करते हुए 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया. निलंबित होने वालों में शामिल हैं: प्रधान आरक्षक राम भरोषी . आरक्षक विक्रम भदौरिया . आरक्षक सत्यवीर . आरक्षक वीरेंद्र . आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया
फरार आरोपी की तलाश तेज, जांच के आदेश
पुलिस ने फरार आरोपी जसवीर सिंह बग्गा की धरपकड़ के लिए जिलेभर में नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी है. इसके साथ ही आरोपी के भागने के पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं कि आखिर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई.









