मध्य प्रदेश की राजनीति से एक बड़ी खबर आ रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी छोड़ दी है. उनकी जगह अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री चेतन्य काश्यप को इंदौर का नया प्रभारी मंत्री बनाया गया है. गौरतलब है कि काश्यप के पास पहले से ही राजधानी भोपाल का प्रभार है. इस फैसले के बाद अब राज्य की प्रशासनिक राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर, दोनों की कमान चेतन्य काश्यप के हाथों में आ गई है.
राज्यपाल के नाम से जारी सरकारी आदेश में साफ किया गया है कि चेतन्य काश्यप को इंदौर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उनके मौजूदा मंत्रालयों और विभागीय कामकाज में कोई फेरबदल नहीं किया गया है. बता दें कि अगस्त 2024 में जब मोहन यादव ने अपनी कैबिनेट के मंत्रियों को जिलों की जिम्मेदारी बांटी थी, तब इंदौर का प्रभार खुद अपने पास रखा था. हालांकि, अब मुख्यमंत्री ने इस पद से हटने का निर्णय लिया है.








