देवास/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के देवास में चर्चित शराब कांड से जुड़े आरोपी राहुल जायसवाल के खिलाफ कांग्रेस संगठन ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने उसे संगठन से निष्कासित कर दिया है। खातेगांव थाना प्रभारी (TI) को गाड़ी से कुचलने की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद कांग्रेस ने यह कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से राहुल जायसवाल के निष्कासन का आदेश 3 नवंबर को ही जारी कर दिया गया था। हालांकि, निष्कासन से संबंधित पत्र अब सामने आया है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई है।
टीआई को कुचलने के मामले में आया नाम
राहुल जायसवाल का नाम देवास के शराब कांड के साथ-साथ खातेगांव थाना प्रभारी को वाहन से कुचलने के मामले में भी सामने आया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस संगठन ने उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की और पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
संगठनात्मक कवायद का नतीजा
कांग्रेस के इस फैसले को पार्टी की छवि और संगठनात्मक अनुशासन से जोड़कर देखा जा रहा है। निष्कासन आदेश सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बीजेपी को मौका मिल गया है कि अवैध शराब बेचने के मामले में कांग्रेसियों की संलिप्तता है, और कांग्रेस आलाकमान कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, नतीजतन एमपी कांग्रेस को कड़ा एक्शन लेना पड़ा है।









