राघौगढ़/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या तक निकाली गई सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का पहला चरण 17वें दिन पूरा हो गया है। राघौगढ़ के पाटई आश्रम में हनुमानजी की पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद यात्रा को पांच दिनों के लिए रोक दिया गया है। इसके बाद दिग्विजय सिंह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
11 नवंबर से शुरु होगा दूसरा चरण
जानकारी के अनुसार, यात्रा का दूसरा चरण अब 11 नवंबर से शुरू होगा। इसकी शुरुआत राघौगढ़ के पाटई आश्रम से की जाएगी। पहले चरण के समापन के बाद यात्रा में शामिल लोगों को पांच दिन का विराम दिया गया है। इसके बाद यात्रा दोबारा अयोध्या की ओर आगे बढ़ेगी।
राम मंदिर के चंदे और वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र को घेर रहे दिग्विजय
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह लगातार राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रख रहे हैं। वे राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं।
निशाने पर चुनाव आयोग
दिग्विजय सिंह इन मुद्दों के जरिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को लगातार निशाने पर ले रहे हैं। अब पांच दिन के विराम के बाद 11 नवंबर से यात्रा का अगला चरण शुरू होगा। ऐसे में दूसरे चरण के दौरान यात्रा किन मुद्दों और गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहती है, इस पर भी नजर रहेगी।









