रीवा, अरविन्द तिवारी। रीवा जिले के गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में रविवार सुबह 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद से पूरे स्कूल और हॉस्टल परिसर में सन्नाटा पसरा है। मृतक छात्र की पहचान सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है, जो स्कूल में कक्षा छठवीं का छात्र था।
रात को सामान्य रूप से सोया था छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूर्यांश गुप्ता पिछले दो वर्षों से गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 8:30 बजे हॉस्टल के अन्य बच्चों के साथ सूर्यांश भी सामान्य रूप से सोने गया था। उस समय तक उसकी तबीयत को लेकर किसी तरह की परेशानी की बात सामने नहीं आई थी।
सुबह बिस्तर पर अचेत मिला, डॉक्टर ने किया मृत घोषित
सुबह जब अन्य छात्र जागे, लेकिन सूर्यांश नहीं उठा तो वार्डन और स्टाफ ने जाकर देखा। वह अपने बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा था। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत मामले की गंभीरता को समझते हुए डॉक्टर को बुलाया, लेकिन जांच के बाद छात्र को बचाया नहीं जा सका।
हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक तौर पर इस घटना के पीछे हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि 13 वर्षीय बच्चे की अचानक मौत से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।









