इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के दर्शन करने का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रतिबंध के बावजूद गर्भगृह तक पहुंचने के मामले में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।
मंदिर के गर्भगृह में रुद्राक्ष शुक्ला
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 25 नवंबर की है। विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर दर्शन करते नजर आए थे। गौरतलब है कि कोविड काल के बाद से आम श्रद्धालुओं के गर्भगृह में प्रवेश पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद प्रवेश का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठे थे।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी का 7 दिन का वेतन राजसात
मामले की जांच के बाद प्रशासन ने सुरक्षा एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाने के साथ ही जिम्मेदार कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की है। मुख्य सुरक्षा अधिकारी रवि प्रकाश का सात दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंदिर प्रशासन की ओर से नियुक्त मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला और सहायक प्रबंधक गौरी शंकर मिश्र को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
गर्भगृह की सुरक्षा व्यवस्था होगी और सख्त
घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने गर्भगृह में प्रवेश से जुड़े नियमों और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। अब सुरक्षा कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ प्रतिबंधित क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस कार्रवाई के जरिए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया है।









