नरेंद्र महावर, खबर डिजिटल, इंदौर। मल्हार आश्रम स्कूल से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने व्यवस्था और जवाबदेही दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रों द्वारा की गई शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन के रवैये से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
मूलभूत सुविधाओं की शिकायत बनी विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, मल्हार आश्रम स्कूल के छात्रों ने परिसर में गंदे शौचालय, पेयजल और पंखों की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी। छात्रों का कहना था कि उन्हें रोजमर्रा की इन जरूरी सुविधाओं से जूझना पड़ रहा था, जिसके चलते उन्होंने शिकायत पोर्टल का सहारा लिया।
धमकी भरे आरोपों के बाद वीडियो वायरल
आरोप है कि शिकायत की जानकारी सामने आने के बाद प्रिंसिपल ने छात्रों को कथित तौर पर चेतावनी दी कि प्रैक्टिकल परीक्षा में शून्य अंक दिए जाएंगे, उत्तर पुस्तिकाओं का सख्त मूल्यांकन होगा और उन्हें फेल कर दिया जाएगा। इस घटनाक्रम से जुड़ा वीडियो वायरल होते ही मामला तेजी से तूल पकड़ गया और प्रशासनिक गलियारों तक पहुंच गया।
कलेक्टर के सख्त निर्देश, निलंबन प्रस्ताव तैयार
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि छात्रों के प्रति इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रिंसिपल के निलंबन का प्रस्ताव आयुक्त को भेजा जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही और मनमानी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।









