भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर शराब तस्करी और शराब माफिया को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पटवारी का आरोप है कि प्रदेश में शराब माफिया का नेटवर्क इतना मजबूत हो चुका है कि सरकारी आबकारी मशीनरी उसके सामने बेबस नजर आ रही है।
पटवारी ने किया बड़ा दावा
जीतू पटवारी ने अपनी पोस्ट में गुजरात से सटे मध्यप्रदेश के बड़वानी, झाबुआ और धार जिलों का जिक्र करते हुए दावा किया कि इन इलाकों में शराब तस्करी के 163 मामले दर्ज किए गए, लेकिन कार्रवाई मुख्य रूप से वाहन चालकों और क्लीनर तक ही सीमित रही। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब बनाने वाली फैक्ट्रियों, वेयरहाउस के मालिकों और तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
ड्राइवर-क्लीनर पर कार्रवाई, असली सरगना जांच से बाहर क्यों?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए पूछा कि शराब की बोतलें ढोने वाले ड्राइवर और क्लीनर तो पकड़ में आ जाते हैं, लेकिन शराब बनाने वाले कारखानों के मालिक और तस्करी के असली सरगना अब तक जांच के दायरे से बाहर क्यों हैं? उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हाईकोर्ट तक में सवाल उठ रहे हैं, इसके बावजूद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब सामने नहीं आ रहा है।
राजस्व नुकसान और कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पटवारी ने शराब तस्करी के मुद्दे को प्रदेश के राजस्व और कानून व्यवस्था से भी जोड़ते हुए सरकार को घेरा। उनका कहना है कि शराब माफिया की गतिविधियों से प्रदेश को हर साल करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से पूछा कि शराब माफिया की कथित मनमानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की इस पोस्ट के बाद शराब तस्करी और आबकारी विभाग की कार्रवाई को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा सकती है।









