कटनी/खबर डिजिटल/ शहर में दीपावली पर्व को लेकर बाजारों और प्रमुख चौराहों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। रोशनी और सजावट के इस त्योहार के बीच पुरानी कचहरी चौराहा स्थित रानी लक्ष्मीबाई चौक के पास नगर निगम की ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी है। हैरानी की बात यह है कि भीड़भाड़ वाले इस प्रमुख मार्ग पर अंधेरा पसरा होने के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदारों का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया है।
त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों और राहगीरों की आवाजाही देर शाम तक बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट का बंद होना न केवल शहर की रोशनी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि अंधेरे के कारण आवागमन में भी परेशानी हो सकती है।
एक ओर नगर निगम शहर को रोशन और व्यवस्थित बनाने के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर प्रमुख चौराहे के पास लगी स्ट्रीट लाइट का बंद रहना इन दावों की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है। सवाल यह है कि जब दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर शहर में अतिरिक्त रोशनी की जरूरत है, तो जिम्मेदारों की नजर इस बंद पड़े लाइट के खंभे पर आखिर कब पड़ेगी?
अब देखना होगा कि नगर निगम का विद्युत अमला कब तक नींद से जागता है और रानी लक्ष्मीबाई चौक के पास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कर लोगों को अंधेरे से राहत दिलाता है।









