भोपाल/खबर डिजिटल/ बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की खुले दिल से प्रशंसा की है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के व्यक्तित्व, व्यवहार और दूसरों की मदद करने के स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि शायद ही कोई ऐसा नेता होगा, जिसकी दिग्विजय सिंह ने कभी सहायता नहीं की हो।
पुराने संबंधों का हवाला
बृजभूषण शरण सिंह ने दिग्विजय सिंह के साथ अपने परिवार के पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि दिग्विजय सिंह उनके परिवार की भी मदद कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके परिवार को किस परिस्थिति में और किस तरह की मदद मिली थी।
अलग-अलग दल, लेकिन व्यक्तिगत रिश्ते मजबूत
राजनीतिक रूप से दोनों नेताओं की विचारधाराएं और दल अलग-अलग रहे हैं, लेकिन बृजभूषण के इस बयान से उनके बीच व्यक्तिगत संबंधों की एक अलग तस्वीर सामने आई है। एक ओर जहां दोनों नेता अलग-अलग राजनीतिक खेमों से जुड़े हैं, वहीं दूसरी ओर बृजभूषण ने दिग्विजय सिंह के सहयोगी स्वभाव की सार्वजनिक रूप से सराहना की है। उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के बीच आया बयान
बृजभूषण शरण सिंह की यह टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है, जब दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक प्रस्तावित अपनी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' पर निकले हुए हैं। ऐसे में बीजेपी के पूर्व सांसद की ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की तारीफ किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।









