बालाघाट/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में मंडई के दौरान चाऊमीन खाना बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन गया। किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री में शनिवार रात चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चे फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए। बच्चों को पेट दर्द और अन्य तकलीफें होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
जिला चिकित्सालय किया रेफर
मरीजों की संख्या और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को देखते हुए 45 बच्चों को जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया। इसके अलावा 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया।
कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर जाना मरीजों का हाल
मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर आदित्य सिंह रविवार सुबह जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती बच्चों और अन्य मरीजों से मुलाकात कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति का जायजा लिया और सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सभी मरीजों की हालत सामान्य, खतरे से बाहर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के मुताबिक, जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति फिलहाल सामान्य है। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
कुछ बच्चों को दी छुट्टी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती अन्य बच्चों को भी तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद शेष बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत भी स्थिर बताई गई है।









