भोपाल। सरकारी योजनाओं के केस निपटाने में देरी पर जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने बैंकों को फटकार लगाई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर कलेक्ट्रेट सभागार में डीएलसीसी की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सीईओ तिवारी ने की।
बैठक में उन्होंने बैंकों से मिले केस और तय लक्ष्य की जानकारी ली। इसके बाद कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की बड़ी योजनाओं के केस कई बैंकों ने लक्ष्य के हिसाब से नहीं निपटाए हैं। उन्होंने इसे बेहद खेदजनक बताया।
बैंकों को निर्देश
जो केस मंजूर हो चुके हैं, उनका पैसा एक हफ्ते के अंदर बांटें।
जो केस अब तक लंबित हैं, उन्हें 15 दिन में निपटाएं और हितग्राही को लाभ देकर जानकारी दें।
इस वित्तीय वर्ष के लक्ष्य के हिसाब से केस निपटाएं।
किसी केस में परेशानी आए तो संबंधित विभाग और जिला पंचायत सीईओ कार्यालय को बताएं।
विभागीय अधिकारियों को निर्देश
सीईओ ने अधिकारियों से कहा कि बैंकों में भेजे गए केस पर लगातार नजर रखें। बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर केस की जांच करें। अगर हितग्राही के आवेदन में कोई कागज कम हो तो विभाग उसे पूरा करवाए।
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में पशुपालन, मत्स्य पालन, स्व-सहायता समूह, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना समेत कई योजनाओं की समीक्षा हुई।
एलडीएम और सीएम हेल्पलाइन पर निर्देश
सीईओ ने एलडीएम से कहा कि बैंकों से लक्ष्य के हिसाब से केस निपटवाएं और बांटे गए केस की रिपोर्ट टीएल बैठक में दें। बैंकों में लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा हुई। उन्होंने तय समय में शिकायतें ठीक से निपटाने और अगली टीएल बैठक में जानकारी देने को कहा।
बैठक के अंत में सीईओ ने सभी बैंकों से कहा कि सरकार की बड़ी योजनाओं के लंबित केस समय पर निपटाकर अपना लक्ष्य पूरा करें।









