भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने पुराने दिनों को याद किया। इस दौरान उनकी मुलाकात अपने पुराने साथी से हुई। उन्होंने बताया कि आज निज निवास 'गणनायक' पर लगभग 50 वर्षों बाद अपने बचपन के मित्र एवं पहली कक्षा से सहपाठी रहे रमेश जैन जी से आत्मीय मुलाकात हुई। उनके साथ बिताए बचपन और युवावस्था के दिन स्मृतियों में फिर जीवंत हो उठे। हायर सेकेंडरी के बाद मैं सागर विश्वविद्यालय और रमेश जी जबलपुर के रॉबर्ट्सन कॉलेज में अध्ययन के लिए चले गए। वह दौर छात्र राजनीति और आंदोलनों का था। वर्ष 1975 में आपातकाल लगा तो रमेश जी लगभग 21 महीने जेल में रहे, जबकि मैं कुछ दिनों बाद रिहा हो गया।
ऐसे लड़ा पहला चुनाव
भार्गव ने बताया कि आपातकाल समाप्त होने के बाद वर्ष 1977 में विधानसभा चुनाव आए। हमने जनता पार्टी से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया और टिकट के सिलसिले में दिल्ली पहुंचे। वहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री चंद्रशेखर जी एम्स में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। मैंने उनसे चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी तो उन्होंने हस्ताक्षरयुक्त कोरा मैंडेट मुझे दे दिया। लेकिन गढ़ाकोटा लौटकर जब अपनी अंकसूची देखी तो पता चला कि मेरी उम्र निर्धारित आयु से एक वर्ष कम थी। ऐसे में मैंने उसी मैंडेट पर अपने मित्र रमेश जी का नाम भरकर उन्हें दे दिया। रमेश जी ने जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और लगभग 1,500 मतों से चुनाव हार गए। आज उनसे मिलकर मन में सहज ही विचार आया कि यदि उस समय मेरी उम्र एक वर्ष अधिक होती और मैं चुनाव लड़ता तथा लगातार जीतता रहता, तो संभवतः आज मेरा 11वां विधानसभा कार्यकाल होता। लेकिन कहते हैं कि वक्त से पहले और नसीब से ज्यादा किसी को कुछ नहीं मिलता।
सीमाओं से पार सच्ची मित्रता
पूर्व मंत्री के अनुसार, राजनीति के इस लंबे सफर में अनेक पड़ाव आए, लेकिन बचपन की मित्रता आज भी उतनी ही आत्मीय है। रमेश जी ने बातचीत में बताया कि वें आजकल दमोह में ही रहते हैं एवं उनकी दोनों आंखों में मोतियाबिंद है। मैंने उनसे आग्रह किया कि किसी भी दिन मेरे साथ भोपाल चलें, मैं उनके अच्छे उपचार और ऑपरेशन की व्यवस्था कराऊंगा। जीवन में पद और परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन सच्ची मित्रता समय की सीमाओं से परे होती है। पांच दशक बाद भी मित्र से मिलकर वही अपनापन और वही आत्मीयता महसूस हुई।









