इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में दलबदल कर भाजपा में शामिल हुए नगर निगम के तीन पार्षदों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस के टिकट पर नगर निगम चुनाव जीतने के बाद भाजपा का दामन थामने वाले तीन पार्षदों को हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। अदालत ने उनसे पूछा है कि दलबदल के मामले में उनकी पार्षदी समाप्त क्यों न कर दी जाए। हाईकोर्ट के इस कदम के बाद इंदौर की स्थानीय राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है।
इन पार्षदों को नोटिस
जिन पार्षदों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें वार्ड क्रमांक 15 की ममता सुभाष सुनेर, वार्ड क्रमांक 17 के शिवम यादव और वार्ड क्रमांक 23 की विनीता धर्मेंद्र मौर्य शामिल हैं। तीनों पार्षदों ने नगर निगम चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था और जीत दर्ज करने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। इसी दल परिवर्तन को आधार बनाकर उनके खिलाफ दलबदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्रवाई और पार्षद पद से हटाने की मांग की गई है।
दलबदल कानून के तहत सदस्यता समाप्त करने की मांग
इस मामले में याचिकाकर्ता ने 20 मई 2024 को मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 17(3) के तहत आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल हुए पार्षदों के खिलाफ दलबदल के आधार पर कार्रवाई की मांग की गई थी। हालांकि, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव ने इस आवेदन को निरस्त कर दिया था। प्रमुख सचिव के इस फैसले को याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में चुनौती दी। याचिका में आवेदन खारिज किए जाने के निर्णय पर सवाल उठाते हुए संबंधित पार्षदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है।
हाईकोर्ट के नोटिस के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
याचिका पर गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने तीनों पार्षदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अदालत के नोटिस में पूछा गया है कि दलबदल के मामले में उनकी पार्षदी समाप्त करने की कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। अब इस मामले में पार्षदों की ओर से पेश किए जाने वाले जवाब और आगे होने वाली सुनवाई पर नजर रहेगी। यदि दलबदल के आरोपों पर अदालत में प्रतिकूल निर्णय आता है तो तीनों पार्षदों की सदस्यता पर असर पड़ सकता है। फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है और पार्षदों की सदस्यता समाप्त होने को लेकर अंतिम फैसला आना बाकी है।








