कटनी/खबर डिजिटल/ शहर के विकास को वार्डों तक पहुंचाने की दिशा में नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया है। राममनोहर लोहिया वार्ड के प्रजापति मोहल्ला में 25.73 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया जाएगा। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद उमेंद्र अहिरवार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। खास बात यह रही कि भूमिपूजन कार्यक्रम मातृशक्तियों के करकमलों से संपन्न कराया गया।
जलभराव और जल निकासी की समस्या से मिलेगी राहत
प्रजापति मोहल्ले में लंबे समय से नाला निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से स्थानीय रहवासियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। प्रस्तावित नाला निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्वच्छता और आवागमन की स्थिति में भी सुधार होगा।
हर वार्ड तक सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य : महापौर
इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि शहर का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक गली, मोहल्ले और वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। सड़क, पेयजल, नाली, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देकर कटनी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय पार्षद उमेंद्र अहिरवार ने नाला निर्माण की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य मोहल्ले की पुरानी आवश्यकता थी। निर्माण पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, पार्षद शकुंतला सोनी एवं सीमा श्रीवास्तव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।








