खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी- शहर के चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक-6 स्थित मसूरहा घाट पर कथित तौर पर शराबियों, नशेड़ियों और गांजा सेवन करने वालों का जमावड़ा स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। सार्वजनिक स्थान पर नशेड़ियों की मौजूदगी और आए दिन होने वाले विवादों से क्षेत्रवासियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पूर्व में आसपास चाकूबाजी जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
इस समस्या को लेकर समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने 24 नवंबर को कोतवाली थाना प्रभारी के नाम आवेदन सौंपकर मसूरहा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि स्थानीय लोगों द्वारा पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को शिकायतें एवं सूचनाएं दी गईं, जिसके बाद कार्रवाई भी हुई, लेकिन इसके बावजूद समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है।
CCTV कैमरे और पुलिस गश्त की मांग
समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने पुलिस प्रशासन से मसूरहा घाट पर तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगवाने, नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थान पर शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर विशेष निगरानी रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाने की अपील की गई है।
अपने ही वार्ड में असुरक्षित महसूस कर रहे लोग
आवेदन में कहा गया है कि आम नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में भय के माहौल में जीवन बिताने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। नागरिकों की मांग किसी को परेशान करने की नहीं, बल्कि क्षेत्र को नशे और आपराधिक गतिविधियों से मुक्त कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए मसूरहा घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करता है।









