भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर सस्पेंस बरकरार है। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना की सेवावृद्धि के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। उनका कार्यकाल सोमवार को समाप्त हो रहा है। ऐसे में सेवावृद्धि को लेकर फैसला आज भी आ सकता है या सोमवार तक इंतजार करना पड़ सकता है। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण प्रशासनिक स्तर पर भी इस फैसले को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। राज्य सरकार की ओर से कैलाश मकवाना की सेवावृद्धि का प्रस्ताव केंद्र को भेजा जा चुका है। अब सबकी निगाहें गृह मंत्रालय के निर्णय पर टिकी हैं।
DGP की कुर्सी के लिए तेज हुई खींचतान
मध्यप्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति को लेकर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बीच दावेदारी और प्रशासनिक स्तर पर चल रही कवायद के बीच उपेंद्र जैन का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। उन्हें इस दौड़ में आगे माना जा रहा था, लेकिन कैलाश मकवाना की सेवावृद्धि के लिए राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव ने उनके समीकरण प्रभावित कर दिए हैं। यदि केंद्र सरकार सेवावृद्धि को मंजूरी देती है तो नए डीजीपी की नियुक्ति फिलहाल टल सकती है। इससे डीजीपी पद के अन्य दावेदारों को भी इंतजार करना पड़ेगा।
तीन महीने या छह महीने, अवधि पर भी संशय
कैलाश मकवाना की सेवावृद्धि को लेकर केवल मंजूरी ही नहीं, बल्कि इसकी अवधि भी महत्वपूर्ण हो गई है। प्रशासनिक और पुलिस महकमे में तीन महीने अथवा छह महीने के विस्तार की संभावनाओं को लेकर चर्चा है। यदि उन्हें तीन महीने की सेवावृद्धि मिलती है तो नए डीजीपी की नियुक्ति की प्रक्रिया कुछ समय के लिए आगे बढ़ सकती है। वहीं, छह महीने का विस्तार मिलने की स्थिति में डीजीपी पद के संभावित दावेदारों के समीकरण बदल सकते हैं। खासतौर पर उपेंद्र जैन की दावेदारी पर इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
आज से सोमवार तक फैसले पर नजर
कैलाश मकवाना की सेवानिवृत्ति की तारीख नजदीक आने के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर सेवावृद्धि का रास्ता साफ होगा, अन्यथा राज्य सरकार को नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर अगला कदम उठाना पड़ेगा। फिलहाल तीन महीने और छह महीने की सेवावृद्धि के बीच असमंजस बना हुआ है। गृह मंत्रालय का फैसला ही तय करेगा कि कैलाश मकवाना पद पर बने रहेंगे या मध्यप्रदेश पुलिस को नया मुखिया मिलेगा।









