भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की मोहन सरकार अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे होने के मौके पर मंत्रियों के साथ चिंतन शिविर आयोजित करने जा रही है। इसके लिए 21 और 22 दिसंबर की तारीख तय की गई है। चित्रकूट में होने वाले इस दो दिवसीय शिविर में सरकार के कामकाज, विभागों की उपलब्धियों और आगामी दो वर्षों के लक्ष्यों पर विस्तार से मंथन होगा।
मंत्री देंगे प्रेजेंटेशन
इस बार चिंतन शिविर का स्वरूप पहले से अलग रहने वाला है। पहली बार मंत्री स्वयं अपने-अपने विभागों का प्रेजेंटेशन देंगे और बताएंगे कि अब तक विभाग में क्या काम हुए हैं, कौन से लक्ष्य पूरे किए गए हैं और किन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। इसके साथ ही अगले दो साल के लिए विभागों की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना का खाका भी पेश किया जाएगा।
शिविर से पहले मंत्रियों को करना होगा होमवर्क
चिंतन शिविर की तैयारियों के तहत दिसंबर के पहले पखवाड़े में सभी मंत्री अपने विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में विभागीय योजनाओं की समीक्षा के साथ प्रेजेंटेशन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। मंत्रियों को उपलब्धियों के साथ उन कामों की जानकारी भी देनी होगी, जो तय समय में पूरे नहीं हो सके हैं।
क्रियान्वयन की बतानी होगी योजना
यदि कोई मंत्री अपने विभाग के लिए नई योजना या सुझाव प्रस्तुत करता है तो उसे उसके क्रियान्वयन की पूरी योजना भी बतानी होगी। इसमें यह स्पष्ट करना जरूरी होगा कि प्रस्तावित योजना बजट की उपलब्ध सीमा में कैसे लागू होगी, इसका लाभ शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किस अधिकारी की होगी और योजना को पूरा करने की समयसीमा क्या रहेगी।
पांच स्थानों में से चित्रकूट पर लगी मुहर
सरकार ने चिंतन शिविर के आयोजन के लिए प्रदेश के पांच स्थानों ओरछा, भोपाल, चित्रकूट, खजुराहो और पचमढ़ी पर विचार किया था। आखिरकार दो दिवसीय शिविर के लिए चित्रकूट का चयन किया गया है। शिविर की थीम 'सिद्धि, साधना और संकल्प' रखी गई है। इसके जरिए सरकार अब तक के कामकाज का आकलन करने के साथ भविष्य की प्राथमिकताएं भी तय करेगी।
मंत्रिमंडल फेरबदल और विस्तार में अहम होगी रिपोर्ट
चित्रकूट में होने वाले चिंतन शिविर को केवल विभागीय समीक्षा तक सीमित नहीं माना जा रहा है। इस शिविर में मंत्रियों के प्रेजेंटेशन, विभागीय उपलब्धियों, योजनाओं की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना के आधार पर तैयार होने वाली रिपोर्ट राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगी।
रिपोर्ट बनेगी विस्तार का आधार?
बताया जा रहा है कि चिंतन शिविर की पूरी रिपोर्ट नए साल में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल या विस्तार का आधार बन सकती है। ऐसे में मंत्रियों के सामने अपने विभाग का प्रदर्शन बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने और आगामी कार्ययोजना के जरिए अपनी कार्यक्षमता साबित करने की चुनौती भी रहेगी।









