भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में जून-जुलाई 2027 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव समय पर होने को लेकर संशय की स्थिति बनती नजर आ रही है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय से आगे बढ़ सकते हैं और इनका आयोजन 2027 के अंतिम महीनों या जनवरी 2028 तक कराया जा सकता है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह जनगणना 2027 के अंतिम आंकड़ों का इंतजार और इसके बाद होने वाली परिसीमन प्रक्रिया को माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जनगणना के अंतिम आंकड़े मार्च 2027 तक सामने आने की संभावना है। आंकड़े जारी होने के बाद जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायतों के वार्डों का नए सिरे से परिसीमन किया जाना होगा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग चार से छह महीने का समय लग सकता है। ऐसे में चुनाव की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिलना मुश्किल माना जा रहा है।
जून-जुलाई 2027 में पूरा हो रहा पंचायतों का कार्यकाल
मध्यप्रदेश में मौजूदा पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल जून-जुलाई 2027 में समाप्त होने वाला है। नियमानुसार चुनाव की तैयारियां निर्धारित समय से छह से आठ महीने पहले शुरू करनी होती हैं। लेकिन जनगणना के आंकड़ों और परिसीमन की प्रक्रिया में संभावित देरी के चलते समय पर चुनाव कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। इसी वजह से पंचायत चुनावों को आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
सिंहस्थ 2028 और विधानसभा चुनाव भी बन सकते हैं वजह
पंचायत चुनाव की तारीखों पर असर डालने वाला एक अन्य पहलू वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ महाकुंभ भी है। राज्य सरकार के सामने सिंहस्थ के आयोजन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसके बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगी। ऐसे में प्रशासनिक व्यस्तताओं और चुनावी कार्यक्रमों को देखते हुए पंचायत चुनाव और आगे खिसकने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
मतदाता सूची के डिजिटल आंकड़ों को लेकर निर्वाचन आयोग का निर्देश
इस बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव और मतदाता सूची से संबंधित डिजिटल डेटा उपलब्ध कराने में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने अपने मुख्यालय में उपलब्ध वर्ष 2022 के नगरीय निकाय चुनाव तथा जुलाई 2026 की मतदाता सूची से जुड़े डिजिटल आंकड़े आवेदकों को निःशुल्क उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है। आयोग के इस निर्देश को चुनाव संबंधी सूचनाओं तक आम लोगों की पहुंच आसान बनाने और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।









