भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की परेशानी अब राजनीतिक मुद्दा बनती नजर आ रही है। कांग्रेस विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने परीक्षा की तारीख को लेकर अभ्यर्थियों को स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने पर मंडल की कार्यप्रणाली की आलोचना की।
19 नवंबर से होनी थी परीक्षा, 22 नवंबर तक एडमिट कार्ड का इंतजार
विधायक हीरालाल अलावा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की नियमपुस्तिका में परीक्षा शुरू होने की तारीख 19 नवंबर निर्धारित की गई थी। लेकिन 22 नवंबर तक न तो अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी होने की जानकारी सामने आई और न ही कर्मचारी चयन मंडल की ओर से परीक्षा में देरी को लेकर कोई आधिकारिक नोटिस जारी किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परीक्षा निर्धारित समय पर नहीं हो रही है, तो मंडल को अभ्यर्थियों को इसकी वजह और नई तारीख के बारे में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।
आवेदन फीस लेने में तेजी, सूचना देने में देरी का आरोप
कांग्रेस विधायक ने ESB पर निशाना साधते हुए कहा कि आवेदन शुल्क के नाम पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेने में मंडल तेजी दिखाता है, लेकिन परीक्षा से जुड़ी जरूरी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने के मामले में पारदर्शिता नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी में दिन-रात जुटे लाखों युवाओं को बिना किसी स्पष्ट सूचना के इंतजार करना पड़ रहा है। इससे अभ्यर्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है और उनके समय के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है।
युवाओं के भविष्य को लेकर उठाए सवाल
डॉ. हीरालाल अलावा ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव होने के बावजूद अभ्यर्थियों को अंधेरे में रखना कर्मचारी चयन मंडल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को समय पर जानकारी देना मंडल की जिम्मेदारी है। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अब अभ्यर्थियों की नजर कर्मचारी चयन मंडल के आधिकारिक स्पष्टीकरण और आगामी परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी है।









