सोनू श्रीवास्तव, गुना, खबर डिजिटल। मध्यप्रदेश के गुना जिले में मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र में नलखेड़ा की पुलिया पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।
इस संबंध मधुसूदनगढ़ थाना प्रभारी गोपाल चौबे ने बताया कि नलखेड़ा पुलिया पर दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में शामिल वाहनों के नंबर एमपी 08 एमडब्ल्यू 4476 और एमपी 40 जेडजेएच 9085 बताए गए हैं।



हादसे में मृतकों की पहचान मकसूदगढ़ निवासी भगवान सिंह सिलावट, महेश पुत्र शंभू चौरसिया वहीं बुजेश यादव, धर्मेंद्र यादव सिरोंज निवासी बताए गए हैं। वहीं थाना प्रभारी ने आगे बताया कि सिरोंज वाले सुठालिया तरफ जा रहे थे वहीं मकसूदनगढ़ वाले सुठालिया तरफ से वापस आ रहे थे। घटना लगभग 03:30 बजे घटित हुई।
घटना के बाद नलखेड़ा पुलिया के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। प्रारंभिक तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना की जांच कर रही है।









