जबलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 28 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारत पेट्रोल पंप के पीछे, रॉयल टीएमटी गेट के सामने एक सफेद रंग की फोर्ड फिगो कार (क्रमांक MP 20 CD 7249) में दो युवक नशीले इंजेक्शन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। दबिश देकर पुलिस ने बेलबाग निवासी जयंत राय (36 वर्ष) और अमित पैगवार (41 वर्ष) को पकड़ा तथा कार में रखे थैलों की तलाशी ली।


तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2 हजार शीशी एविल (Avil 10 ml) और 2 हजार ब्यूप्रेनॉर्फिन (Buprenorphine - Talgesic 02 ml) के नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 34 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से इंजेक्शन लाकर फुटकर में नशेड़ियों को बेचते थे। पुलिस ने इंजेक्शनों के साथ 2 मोबाइल फोन और कार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ ड्रग कंट्रोल एक्ट व एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।









