भोपाल/खबर डिजिटल/ राशन की दुकान पर कतार में लगने से पहले अब एक और काम निपटाना होगा। भोपाल जिले के करीब 14 लाख राशन कार्डधारकों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। शर्त यह है कि परिवार के हर सदस्य के आधार और समग्र पोर्टल में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज हो। यह प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी की जानी है।
क्यों बदल रही है व्यवस्था
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को ज़्यादा पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए भोपाल को केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा (CBDC) पर आधारित राशन वितरण की पायलट परियोजना के लिए चुना गया है। इसके तहत हर पात्र परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी सत्यापित कर CBDC प्रणाली की सूची में जोड़ी जाएगी। इसे व्हाइटलिस्टिंग कहा जाता है। 1 जनवरी 2027 से नए सिस्टम से राशन दिया जाएगा।
कार्डधारक क्या करें
जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक, कार्डधारक उसी उचित मूल्य दुकान पर जाएँ, जहाँ से वे नियमित राशन लेते हैं। वहाँ परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी दर्ज कराएँ और सत्यापन कराएँ। अगर आधार और समग्र में अलग-अलग नंबर दर्ज हैं, तो पहले उसे सुधरवाना होगा। इसके बाद दुकान पर सत्यापन पूरा कराकर यह पक्का करें कि सभी सदस्य सूची में शामिल हो गए हैं।
अधूरा रहा तो क्या होगा
जादौन ने बताया कि प्रक्रिया अधूरी रहने पर नई डिजिटल व्यवस्था में राशन लेने में तकनीकी दिक्कत आ सकती है। उन्होंने लोगों से अंतिम समय का इंतज़ार न करने और जल्द दुकान पर पहुँचने की अपील की।









