इंदौर/खबर डिजिटल/नरेंद्र महावर/ इंदौर के मल्हार आश्रम स्कूल में सुपर-100 योजना के तहत IIT-JEE की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को हॉस्टल की बदहाल व्यवस्थाओं के साथ अब कथित तौर पर प्रबंधन की नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने हॉस्टल में पीने के पानी की कमी, गंदे और जाम शौचालय तथा जर्जर भवन जैसी समस्याओं को लेकर शिकायत की थी। आरोप है कि CM हेल्पलाइन पर शिकायत करना स्कूल के प्राचार्य देवेंद्र रामिश को नागवार गुजरा और उन्होंने विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने तथा वार्षिक परीक्षा में फेल करने की धमकी दे दी। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है।
प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों से पूछा- शिकायत किसने की?
सामने आए वीडियो में प्राचार्य एक विद्यार्थी से CM हेल्पलाइन पर की गई शिकायत के बारे में पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान छात्र बताता है कि उसके कमरे का पंखा पिछले दो सप्ताह से खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद उसे ठीक नहीं कराया गया। छात्र की बात सुनने के बाद प्राचार्य कथित तौर पर कहते हैं कि जब शिकायत बिना बताए की गई है, तो वे भी बिना बताए कार्रवाई करेंगे।
मोबाइल पर लिखा- इन विद्यार्थियों को जीरो नंबर दिए जाएं
वीडियो में आगे प्राचार्य अपने मोबाइल फोन पर दो विद्यार्थियों के नाम टाइप करते नजर आते हैं। आरोप है कि उन्होंने एक संदेश लिखकर छात्रों को दिखाया, जिसमें CM हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और वार्षिक परीक्षा में फेल करने की बात लिखी थी।
प्राचार्य वीडियो में यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि प्रैक्टिकल में जीरो नंबर मिलने पर विद्यार्थी फेल हो सकते हैं। साथ ही दोबारा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देने का भी आरोप है। बातचीत के दौरान उनका यह कथन भी सामने आया है- 'तुम कर लो अपनी बदमाशी, अब हम दिखाते हैं।'
हॉस्टल की सुविधाओं पर सवाल, कार्रवाई की मांग
मल्हार आश्रम में सुपर-100 योजना के अंतर्गत रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति लंबे समय से खराब है। पीने के पानी, शौचालयों की सफाई और भवन की हालत जैसी समस्याओं से छात्र परेशान हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद में CM हेल्पलाइन का सहारा लिया था, लेकिन शिकायत के बाद उन्हें राहत मिलने के बजाय कथित रूप से डराया जा रहा है। अब छात्र प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई और हॉस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं।









