खबर डिजिटल, कटनी। जिले की मार्बल और डोलोमाइट खदानों में लगातार हो रहे हादसों ने खदानों की सुरक्षा व्यवस्था और खनिज विभाग की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान संचालन के लिए निर्धारित खनन नियमों, सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के बावजूद यदि मजदूरों की जान जा रही है, तो यह जांच का विषय है कि आखिर जमीनी स्तर पर नियमों का पालन कितना हो रहा है?
नियमानुसार खदानों में वैज्ञानिक तरीके से बेंचिंग, सुरक्षित उत्खनन, मशीनों के संचालन के निर्धारित मानक, श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण, नियमित निरीक्षण और पर्यावरणीय प्रावधानों का पालन जरूरी है। इसके बावजूद हादसों के बाद सवाल उठ रहे हैं कि संबंधित खदानों का पूर्व में सुरक्षा निरीक्षण हुआ था या नहीं? हादसों के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्या जांच की और किन अनियमितताओं की पुष्टि हुई?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि खदान संचालक सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? वहीं, यदि विभागीय निरीक्षण नियमित हो रहे हैं, तो दुर्घटनाओं को रोकने में ये व्यवस्थाएं नाकाम क्यों साबित हो रही हैं? क्या मजदूरों की सुरक्षा महज कागजी औपचारिकता बनकर रह गई है?
अब जरूरत है कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग हादसों से जुड़ी खदानों की निष्पक्ष जांच कराएं, निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करें और लापरवाही प्रमाणित होने पर संबंधित संचालकों एवं जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें। आखिर खदानों में काम करने वाले मजदूरों की जिंदगी की जवाबदेही कौन तय करेगा?









