मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार सुबह नवनिर्मित श्री श्रृंगेरी शंकर मठ पहुंचे, जहां उन्होंने शंकराचार्य विधुशेखर भारती से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान मुख्यमंत्री और शंकराचार्य के बीच बंद कमरे में काफी देर तक एकांत में बातचीत हुई. इस खास मुलाकात के बाद से ही सूबे के सियासी और धार्मिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं.
अंदरूनी सूत्रों की मानें तो इस गुप्त बैठक में आगामी सिंहस्थ-2028 की रूपरेखा और वहां आने वाले भक्तों की सहूलियतों को लेकर गहराई से विचार-विमर्श किया गया. ऐसा माना जा रहा है कि इस महापर्व के दौरान अखाड़ों, साधु-संतों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्वस्तरीय इंतजाम करने पर दोनों के बीच चर्चा हुई है.
चर्चा के दौरान मठ तक जाने वाले संकरे मार्ग की परेशानी का विषय भी प्रमुखता से सामने आया. इस पर मुख्यमंत्री ने उज्जैन की पावन धरती पर चारों शंकराचार्यों के मठ स्थापित करने का अपना संकल्प दोहराया. साथ ही, मठ प्रबंधन के आग्रह पर उन्होंने गौशाला तक पक्की सड़क निर्माण कराने का भरोसा भी दिलाया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को इस काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. दूसरी ओर, सीएम के दौरे और कड़ी सुरक्षा के कारण मुख्य सड़क पर ही गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई थी, जिसके चलते मठ जाने वाले आम भक्तों और अतिथियों को लगभग 400 मीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ी.
बता दें कि श्री श्रृंगेरी शंकर मठ में इन दिनों तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव की धूम है. इसी आयोजन के तहत गुरुवार को विधि-विधान से देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा के धार्मिक कार्यक्रम पूरे किए गए. सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और धार्मिक प्रबंधन की दृष्टि से मुख्यमंत्री की शंकराचार्य के साथ हुई इस मुलाकात को बेहद निर्णायक माना जा रहा है.








