भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश सरकार के एक बार फिर 1500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने संस्कृत के अंदाज में तंज कसते हुए लिखा, 'पुनरपि कर्जम्, पुनरपि कर्जम्, पुनरपि मध्यप्रदेश पर कर्जम्!' जयवर्धन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अधोसंरचना विकास और पूंजीगत परिव्यय के लिए प्रतिबद्ध होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार एक बार फिर 1500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने जा रही है। उन्होंने लगातार बढ़ती सरकारी उधारी को लेकर सवाल उठाते हुए सरकार पर कटाक्ष किया है।
1 दिसंबर को तीन किस्तों में लिया जाएगा कर्ज
दरअसल, मध्यप्रदेश सरकार 1 दिसंबर को बाजार से 1500 करोड़ रुपये का नया ऋण लेने जा रही है। यह राशि भारतीय रिजर्व बैंक के माध्यम से 500-500 करोड़ रुपये की तीन अलग-अलग किस्तों में जुटाई जाएगी। सरकार के मुताबिक, इस रकम का उपयोग सड़क, सिंचाई, बिजली और अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं में किया जाएगा।
अब तक 51,900 करोड़ रुपये की उधारी
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 में नवंबर तक मध्यप्रदेश सरकार बाजार से 51,900 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है। वहीं, चालू वित्त वर्ष में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15,573 करोड़ रुपये का ऋण पुनर्भुगतान किया गया है। केंद्र सरकार ने इस वित्त वर्ष के लिए प्रदेश की कुल उधारी सीमा करीब 87 हजार करोड़ रुपये निर्धारित की है। कर्ज को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच पहले भी बयानबाजी होती रही है। अब 1500 करोड़ रुपये की नई उधारी की तैयारी के बीच जयवर्धन सिंह की टिप्पणी ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति और बढ़ते कर्ज को लेकर राजनीतिक बहस को फिर चर्चा में ला दिया है।









