भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में 10 से 15 नवंबर के बीच देश के कई बड़े राजनीतिक और संवैधानिक चेहरों का जमावड़ा देखने को मिलेगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तक के प्रदेश दौरे प्रस्तावित हैं। इसके अलावा तीन राज्यों के राज्यपाल और चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी मध्यप्रदेश पहुंचेंगे।
10 नवंबर को इन नेताओं का दौरा
10 नवंबर को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मध्यप्रदेश आएंगे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और सौदान सिंह का भी दौरा प्रस्तावित है।
12 नवंबर को केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों का जमावड़ा
12 नवंबर का दिन राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। इस दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आने का कार्यक्रम है। इसके अलावा तीन राज्यों के राज्यपाल और चार राज्यों के मुख्यमंत्री भी मध्यप्रदेश पहुंचेंगे।
15 नवंबर को आ सकते हैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मध्यप्रदेश दौरा भी प्रस्तावित है। उनके 15 नवंबर को प्रदेश आने की संभावना है। हालांकि, उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अगले एक-दो दिनों में उनके दौरे का कार्यक्रम फाइनल हो सकता है। लगातार बड़े नेताओं के प्रस्तावित दौरों को देखते हुए मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिन राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं।









