कान्हीवाड़ा/ संतोष बन्देवार/ सिवनी जिले में संजय सरोवर परियोजना (भीमगढ़ बांध) की दायीं तट नहर और उस पर बने पुलों की जर्जर स्थिति ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हर साल नहर के रखरखाव और साफ-सफाई पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी चिंता का माहौल है। बिना समुचित सफाई के ही नहर में पानी छोड़ने की तैयारियां की जा रही हैं, जिससे जल प्रवाह बाधित होने और किसानों को सिंचाई में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
नहर के अलावा इस मार्ग पर बने पुलों की हालत भी बेहद दयनीय हो चुकी है। कई स्थानों पर पुलों का कंक्रीट उखड़ चुका है और लोहे की सरिया बाहर साफ तौर पर दिखाई दे रही है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
विभाग के अधिकारियों द्वारा इन महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की सुधि न लेना और कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रहना विभागीय लापरवाही को उजागर करता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी छोड़ने से पहले पूरी नहर की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए, सफाई कार्यों का निरीक्षण हो और क्षतिग्रस्त पुलों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।









